रायपुर

फोटो फेस्ट के विजेताओं की घोषणा, तस्वीरों में दिखी सोच
27-Aug-2026 6:22 PM
फोटो फेस्ट के विजेताओं की घोषणा, तस्वीरों में दिखी सोच

‘छत्तीसगढ़’ के संतोष-जय को तृतीय पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 अगस्त। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब में आयोजित फेस्ट दृश्य संवाद 2026 के समापन के बाद बुधवार को विभिन्न प्रतियोगिता श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फेस्ट का समापन हुआ था।  सांध्य दैनिक छत्तीसगढ़ के दोनों फोटोग्राफर संतोष तिवारी और जय गोस्वामी को तृतीय पुरस्कार मिला।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ राज्य हिंदी ग्रन्थ अकादमी के उपाध्यक्ष शशांक शर्मा, वाइल्ड एवं नेचर फोटोग्राफर अभिनंदन तिवारी तथा फोटोग्राफी प्रशिक्षक भीष्म यादव शामिल रहे।

समाचार एवं लोक सरोकार,प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा तीनों कैटेगरी में गोकुल सोनी ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर मनोज देवांगन, किशन लोखंडे और हेमंत गोस्वामी संयुक्त रूप से विजेता रहे। तृतीय स्थान हीरा मानिकपुरी और जय गोस्वामी को संयुक्त रूप से मिला। द्वितीय स्थान राजकुमार चतुर्वेदी की ‘भालुओं की अठखेलियां’ और मनोज देवांगन की सांप की भांबी तस्वीर को संयुक्त रूप से मिला। तृतीय स्थान प्रदीप डडसेना की फूल पर उड़ते किंगफिशर पक्षी की तस्वीर को मिला। द्वितीय पुरस्कार राजकुमार चतुर्वेदी की पोला पर्व में बैल दौड़ को दर्शाती तस्वीर को तथा तृतीय पुरस्कार संतोष तिवारी की कंधे पर दूल्हे को लेकर जाती बारात की तस्वीर को मिला।

ओपन कैटेगरी में भंवर लाल पुरोहित की प्रकृति और पक्षी को दर्शाती तस्वीर प्रथम रही। द्वितीय पुरस्कार नवीन देवांगन की बुजुर्ग व्यक्ति की तस्वीर को मिला। तृतीय पुरस्कार वेदांत मिश्रा ( वर्दियों में कुत्ता)और अथर्व (मुर्गा बाजार)को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।

इसके अलावा फेस्ट में  विशेष रूप से चर्चित तस्वीरों  का चयन किया गया।  इनमें सुधीर सागर , रमन हलवाई , रूपेश यादव,दीपेंद्र सोनी ,, विनय घाटगे, भूपेश केसरवानी, दीपक पांडे ,पंकज सिंह ,, पिंटू देवांगन, विजय देवांगन, सागर पारिकर और राजेश सोनकर मनोज साहू शामिल हैं।


अन्य पोस्ट