रायपुर

कंपनी के सीनियर अफसर ने गबन किए 59 लाख
26-Aug-2026 6:53 PM
कंपनी के सीनियर अफसर ने गबन किए 59 लाख

सैलरी और अन्य खर्चों के हिसाब में गड़बड़ी की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 अगस्त। मंदिर हसौद स्थित एक निजी कंपनी में पदस्थ चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर पर कंपनी के खाते से 59 लाख 13 हजार रूपए गबन करने का आरोप लगा है। आरोप है कि रितेश अग्रवाल ने कंपनी की रकम को अपने निजी लाभ के लिए ट्रांसफर किया। कंपनी के जनरल मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रितेश अग्रवाल के खिलाफ धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफ्फिवल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का रजिस्टर्ड कार्यालय रिंग रोड-3, तुलसी बाराडेरा में है। कंपनी में रितेश अग्रवाल को 23 दिसंबर 2024 को सीएफओ नियुक्त किया गया था। आडिट बाद कंपनी प्रबंधन को को उसके बैंक खाता में हेरफेर किए जाने का संदेह हुआ।

जिसके बाद 22 दिसंबर 2025 को दोपहर 3.22 बजे कंपनी ने रितेश अग्रवाल को ई-मेल के जरिए टर्मिनेशन लेटर भेजा गया। इसके आधे घंटे बाद ही कंपनी के बैंक खाते से 39,99,999 रुपए रितेश के आईडीबीआई बैंक, बनारस स्थित खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

इसके अलावा कंपनी जून, सितंबर और अक्टूबर 2025 के वेतन रजिस्टर में छेड़छाड़ कर वेतन से अधिक राशि अपने खाते में ट्रांसफर की गई। शिकायत के मुताबिक जून में निर्धारित वेतन 2,34,750 रुपए के स्थान पर 5,46,750 रुपए, सितंबर में 5,46,750 रुपए के स्थान पर 10,93,500 रुपए और अक्टूबर में 5,46,750 रुपए की जगह 16,01,088 रुपए का भुगतान दर्शाया गया। इस प्रकार रितेश ने  19,13,088 रुपए की अतिरिक्त राशि खाता से निकाल लिए।

कंपनी ने अपनी शिकायत में बैंक लेन-देन और वेतन रजिस्टर के आधार पर  59,13,087 रुपए की राशि का हेरफेर का आरोप लगाया है। इसके साथ ही इस हेरफेर को लेकर कंपनी के अन्य कर्मियों पर भी हेरफेर करने का संदेह जताया गया है।

शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 316-4 का अपराध दर्ज किया है। बैंक खातों के लेन-देन, ई-मेल, वेतन रजिस्टर और कंपनी की आंतरिक अप्रूवल की जांच की जा रही है।साथ ही इस मामले में अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।


अन्य पोस्ट