रायपुर

डीडी नगर में दो युवकों की हत्या,पांच गिरफ्तार
24-Aug-2026 6:06 PM
डीडी नगर में दो युवकों की हत्या,पांच गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 अगस्त। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो युवकों पर चाकू से हमला कर जान ले ली गई। इन मामले में पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पहली घटना महादेव घाट रोड पर हुई।। जानकारी के अनुसार, कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने कैलाश को रोक लिया और बिना किसी बातचीत के चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। इस घटना में टिकेंद्र की मौत हो गई। घायल कैलाश का एम्स में  इलाज जारी है।

वहीं दूसरी घटना रविवार की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में  20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढऩे के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।  घटना के बाद डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। दोनों मामलों में बीएनएस की हत्या और बलवा सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनाओं के कारण, आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट