रायपुर

कांवड़ यात्रा में शामिल हुए सीएम, रुद्राभिषेक भी
23-Aug-2026 7:53 PM
कांवड़ यात्रा में शामिल हुए सीएम, रुद्राभिषेक भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 अगस्त। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने गुढिय़ारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए पैदल रवाना होते हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है।

गुढिय़ारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवडि़ए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष और भक्ति से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।

मुख्यमंत्री ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव घाट में विराजमान भगवान हटकेश्वरनाथ के प्रति प्रदेशवासियों की गहरी आस्था है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ गहरी आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के साक्षी हैं। पर्व, उत्सव और धार्मिक यात्राएं समाज को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़े रखती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज के हर वर्ग के लोग एक साथ जुड़ते हैं और आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता व समरसता की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट