रायपुर

प्रदेश भर में नोटों का वितरण आरबीआई के नवा रायपुर दफ्तर से जल्द
19-Aug-2026 6:50 PM
प्रदेश भर में नोटों का वितरण आरबीआई के नवा रायपुर दफ्तर से जल्द

वित्त मंत्री से मिले बैंक के नए महाप्रबंधक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 अगस्त। भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर कार्यालय के महाप्रबंधक मनीष पराशर ने वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। श्री पाराशर ने प्रभारी अधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया है। इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं के विस्तार, मुद्रा प्रबंधन तथा भारतीय रिज़र्व बैंक से संबंधित विभिन्न विषयों पर  चर्चा हुई।

बैठक के दौरान वर्तमान में नागपुर से होने वाले करेंसी डिस्ट्रीब्यूशन व्यवस्था नवा रायपुर से  करने  आरबीआई स्तर पर चल रही प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। ऐसा होने पर राज्य में मुद्रा प्रबंधन और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

पराशर ने वित्त मंत्री को  भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर कार्यालय में हाल ही में प्रारंभ की गई सॉइल्ड नोट्स के स्थानीय प्रसंस्करण की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी साझा की। इस सुविधा से प्रचलन से वापस प्राप्त अनुपयोगी एवं खराब हो चुके नोटों का प्रसंस्करण अब स्थानीय स्तर पर किया जा सकेगा। मुलाकात के दौरान भारतीय रिज़र्व बैंक की प्रस्तावित नवीन आवासीय परियोजना तथा इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। 

वित्त मंत्री  चौधरी ने इन पहलों की जानकारी प्राप्त करते हुए राज्य शासन की बैंकिंग प्रणाली से जुड़ी अपेक्षाओं को साझा किया।  इस अवसर पर प्रदीप गोंधुले, अमरेन्द्र गुप्ता एवं अमितेश सिंह उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट