रायपुर

श्रमिक परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाएं- लखन
19-Aug-2026 6:41 PM
श्रमिक परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाएं- लखन

रायपुर, 19 अगस्त। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने मंत्रालय में विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवायसी प्रक्रिया के तहत किसी भी श्रमिक का आवेदन लंबित न रहे और पात्र श्रमिकों को शासन की योजनाओं का समय पर लाभ मिले। उन्होंने बताया कि संगठित, असंगठित और निर्माण श्रमिकों के हितों के लिए विभिन्न श्रम कल्याण मंडलों के माध्यम से 67 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण और योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने भारत सरकार द्वारा बनाए गए चार नए श्रम संहिताओं का सभी श्रम अधिकारियों को अध्ययन करने को कहा। नए जिलों में श्रम कार्यालयों की अधोसंरचना का जल्द विस्तार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ठेकेदारों के लाइसेंस के अनुसार श्रमिकों की संख्या सुनिश्चित करने और कारखानों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, ऑनलाइन निरीक्षण, अभियोजन एवं निराकरण, श्रमिक पंजीयन तथा दुकानों एवं स्थापना अधिनियम के तहत पंजीयन की समीक्षा की गई। सचिव सह श्रमायुक्त हिमशिखर गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं में अपात्र व्यक्ति को लाभ मिलने या शिकायत सामने आने पर संबंधित श्रम अधिकारी जवाबदेह होंगे और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट