रायपुर

टाटीबंध में 22 तरह के 531 क्विंटल उर्वरक का अवैध भंडारण, एफआईआर
18-Aug-2026 6:19 PM
टाटीबंध में 22 तरह के 531 क्विंटल उर्वरक का अवैध भंडारण, एफआईआर

टाटीबंध में ट्रांसपोर्ट नगर के एक गोदाम में था यह अवैध भंडार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अगस्त। टाटीबंध के ट्रांसपोर्ट नगर में बिना वैध उर्वरक प्राधिकार पत्र के उर्वरक  भंडारण किए जाने का मामले में आमानाका पुलिस ने संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। कृषि विभाग की जांच में टाटीबंध स्थित गोदाम से  531.10 क्विंटल उर्वरक बरामद किया गया। विभाग ने 22 अलग-अलग प्रकार के उर्वरकों को जब्त करने के बाद गोदाम संचालक रविंद्र कुमार मित्तल के खिलाफ थाना आमानाका में एफआईआर दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक कार्यालय उप संचालक कृषि विभाग में पदस्थ उर्वरक निरीक्षक अनिल कुमार वर्मा ने 14 अगस्त को टाटीबंध स्थित एक गोदाम का औचक निरीक्षण किया। यह गोदाम ट्रांसपोर्ट नगर में लक्की इंडस्ट्रीज के बाजू में स्थित बताया गया है और रविंद्र कुमार मित्तल के नाम से संचालित था।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में बिना वैध उर्वरक प्राधिकार पत्र के विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का भंडारण पाया गया। कृषि विभाग के अनुसार गोदाम में 22 प्रकार के 531.10 क्विंटल उर्वरक रखे हुए थे।

जब्ती कार्रवाई के बाद रायपुर कलेक्टर रायपुर के निर्देश पर  आरोपी के खिलाफ पुलिस प्राथमिकी दर्ज किया है। रविंद्र कुमार मित्तल ने बिना उर्वरक प्राधिकार पत्र के उर्वरक का भंडारण कर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3(2)(क) के प्रावधानों का उल्लंघन किया है।

 

बिना परमिट उर्वरक भंडारण , हरियाणा की कंपनी पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अगस्त। आरंग के ग्राम कलई में बिना परमिट के उर्वरकों का भंडारण और वितरण किए जाने के मामले में पुलिस ने मेसर्स पुलकित बायो फर्टिलाइजर प्रा. लिमिटेड, गुडग़ांव, हरियाणा के छत्तीसगढ़  संचालक नवनीत कुमार के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। कृषि विभाग की जांच और जब्ती कार्रवाई के बाद कलेक्टर ने  पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय आरंग में कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक के पद पर पदस्थ राजू कुमार दास ने 2 जून 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम कलई स्थित किसान नागेश्वर साहू के मकान का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान वहां मेसर्स पुलकित बायो फर्टिलाइजर प्रा. लिमिटेड के प्रतिनिधि नवनीत कुमार के बिना वैध उर्वरक प्राधिकार पत्र के उर्वरकों का भंडारण किया जाना पाया गया। जांच के दौरान मौके से 33 क्विंटल ग्रेन्यूलेटेड स्वाइल कंडीशनर, 13 क्विंटल सुपर एक्शन पोटाश और 35 लीटर माइक्रो राजा पाया गया। विभाग के अनुसार इन उत्पादों को भंडारण एवं वितरण के उद्देश्य से रखा गया था। कार्रवाई के दौरान नवनीत कुमार मौके से फरार हो गया।

कृषि विभाग ने अधिकारों का प्रयोग करते हुए उर्वरक को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद कलेक्टर के अनुमोदन के आधार पर उप संचालक कृषि, रायपुर ने नवनीत कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश जारी किए।

कृषि विभाग की शिकायत पर धारा 318(4)  आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3(2)(क) और 7(1)(क) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट