रायपुर

जुआ-सट्टा की लत, शौक पूरा करने 5 लाख की मांग कर पत्नी से मारपीट, एफआईआर
18-Aug-2026 6:19 PM
 जुआ-सट्टा की लत, शौक पूरा करने 5 लाख की मांग कर पत्नी से मारपीट, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अगस्त। मायके से 5 लाख रुपए लाने की मांग करने वाले ससुरालियों के खिलाफ पूजा फबवानी ने शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसे कथित रूप से प्रताडि़त कर और बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 85 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूजा फबवानी ने बताया कि उसका 28 अक्टूबर 2011 को जबलपुर निवासी प्रकाश फबवानी के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ हुआ था। शादी के कुछ वर्षों बाद उसके पति ने जुआ और ऑनलाइन सट्टा खेलना शुरू कर दिया। सट्टे और जुए में रकम लगाने के लिए पति और ससुर उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते थे। जिसके बाद मायके वालों ने पति को करीब 3 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद ससुराली उससे उसकी बचत की रकम भी ले लिए। पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।

महिला का आरोप है कि उसके सोने और चांदी के जेवर पति ने बेच दिए और रकम जुआ-सट्टे में खर्च कर दी। बैंक और पोस्ट ऑफिस खाते से उसकी जानकारी के बिना फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 1.80 लाख रुपए निकाल लिए गए।

पूजा ने इससे पहले भी मार्च 2026 में जबलपुर के घमापुर थाने में भी पति और ससुर के खिलाफ शिकायत की थी। इसके बाद भी प्रताडऩा जारी रही। 20 मई 2026 को पति और ससुर ने उससे मायके से 5 लाख रुपए लाने की मांग की। रकम नहीं लाने पर उसे उसके बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया। जिसके बाद वह मायके रायपुर आकर रहने लगी।

पति फोन के जरिए भी उस पर 5 लाख रुपए के लिए दबाव बनाता था। मना करने पर  जान से मारने की धमकी दी गई। तब महिला ने थाना जाकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने  शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट