रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अगस्त। गुढियारी गोगांव इलाके में जुआ खेलने के दौरान हुई चाकूबाजी में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृत युवक के सीने, पेट समेत शरीर में हमला किया गया था। मृतक की पहचान प्रीतम साहू पिता शिव कुमार साहू उम्र 19 वर्ष निवासी छोटा अशोक नगर के रूप में हुई है।गुढियारी पुलिस के मुताबिक रविवार सोमवार की रात गोगांव रेल्वे पटरी के पास जुआ खेल रहे लोगों के बीच हार-जीत के पैसों के लेनदेन का विवाद हो गया। इस दौरान प्रीतम साहू को चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने इसे आत्महत्या की साजिश बनाने के लिए उसके शव को रेल्वे ट्रैक पर डाल दिया जिससे प्रीतम की टांग कट गई। सूचना मिलते ही मौके पर सुबह पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भेजा । मर्चुरी में शव परिक्षण के दौरान धारदार हथियार से सीने, पेट समेत शरीर में कई गहरे घाव मिले । उसके बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच हरकत में आई और दिनभर की पड़ताल के बाद पुलिस ने सोमवार देर रात संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तब हत्या करने का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार मृतक समेत सभी संदेही रात 8 बजे से देर रात तक जुआ खेलने पहुंचे थे, जहां हार-जीत के पैसों के लेनदेन के विवाद पर मृतक प्रीतम का विवाद संदेहियों से हुआ था। बताया जा रहा है कि इस दौरान निखिल ध्रुव नाम के संदेही ने चाकू से कई वार किये और तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर मृतक के शव को आत्महत्या बताने की साजिश के तहत रेल्वे ट्रेक पर डाल दिया जिससे ट्रेक पर आई ट्रेन से प्रीतम साहू का पैर कट गया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है,और आज शाम खुलासा करेगी।