रायपुर

सरकारी विभागों के मुद्रण कार्य एल-1 व्यवस्था और टेंडर शर्तों को लेकर गंभीर आरोप
18-Aug-2026 6:16 PM
सरकारी विभागों के मुद्रण कार्य एल-1 व्यवस्था और टेंडर शर्तों को लेकर गंभीर आरोप

मूणत विधानसभा में मुद्दा उठा चुके हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 अगस्त। शासकीय मुद्रणालय की नई निविदा की कठोर शर्तों को लेकर छत्तीसगढ़ के स्थानीय प्रिंटर्स  ने गंभीर आपत्ति जताई है। प्रिंटर्स का आरोप है कि चंद लोगों को लाभ पहुंचाने मुद्रणालय के अधिकारियों ने ऐसी शर्त बनाईं है।  बताया गया है कि न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का वार्षिक टर्नओवर, 23म36 इंच साइज की शीटफ़ेड ऑफ़सेट मशीन, वेब ऑफसेट मशीन एवं विभिन्न प्रकार की अन्य मशीनों की अनिवार्यता और 20,000 वर्गफुट अधोसंरचना जैसी कठोर शर्तों के कारण स्थानीय मुद्रण इकाइयों के लिए प्रतिस्पर्धा करना एवं उपरोक्त निविदा में भाग लेना मुश्किल हो गया है।

 प्रिन्टर्स  का कहना है कि छत्तीसगढ़ संवाद,पाठ्य पुस्तक निगम और शासकीय मुद्रणालय सभी संस्थाएं शासकीय मुद्रण का कार्य करती है, इसलिए शासकीय मुद्रणालय एवं अन्य विभाग की निविदा व्यवस्था तथा नियम शर्तों में इतना बड़ा अंतर में किसी बड़ी साजिश की आशंका है। संवाद की ‘अ’ श्रेणी में अपेक्षाकृत सरल पात्रता के माध्यम से स्थानीय मुद्रण इकाइयों एवं सभी छोटे उद्योगों को भी समान अवसर दिया जा रहा है।

स्थानीय उद्योग की मांग है कि शासकीय मुद्रणालय की वर्तमान निविदा की पात्रता शर्तों को छत्तीसगढ़ संवाद की निविदा के अनुरूप युक्तिसंगत किया जाए, ताकि तकनीकी गुणवत्ता से समझौता किए बिना स्थानीय सक्षम मुद्रण इकाइयों को भी समान अवसर मिल सके।

उद्योग के अनुसार पिछले पांच वर्षों में शासकीय मुद्रणालय द्वारा अन्य विभागों के लिए लगभग सैकड़ों करोड़ के मुद्रण कार्य किए गए, जिनमें बड़ा हिस्सा कथित रूप से केवल कुछ पसंदीदा फर्मों को ही मिला। यही वजह है कि एक लंबे समय से मुद्रणालय ने टेंडर नहीं किए हैं।लंबे समय से टेंडर न होने का यह मुद्दा भाजपा विधायक राजेश मूणत ने विधानसभा में उठा कर  मंत्री को घेरा था।  उन्होंने कहा था कि इन टेंडर में अधिकाधिक प्रिंटर भाग ले सकें ऐसी व्यवस्था और नियम बनाए जाएं।

 प्रिंटर्स ने पिछले पांच वर्षों के एल-1 दर, कार्यादेश, वास्तविक कार्य आवंटन और भुगतान का स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की है। यह भी आरोप लगाया है कि कठोर शर्तों और कथित गैर-एल-1 कार्य आवंटन की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। यदि किसी अधिकारी या फर्म की मिलीभगत प्रमाणित होती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। इस बीच प्रिंटरों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द मंत्री से भी मिलने जा रहा है। उद्योग का कहना है कि मामला केवल प्रिंटिंग व्यवसायियों का नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये के शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और स्थानीय उद्योग के संरक्षण से जुड़ा है।


अन्य पोस्ट