रायपुर

अगले 24 घंटों के लिए चार जिलों में रेड अलर्ट
17-Aug-2026 8:45 PM
अगले 24 घंटों के लिए चार जिलों में रेड अलर्ट

रायपुर सहित दर्जनभर जिलों में भारी बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अगस्त। राजधानी रायपुर में रविवार शाम से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सोमवार को भी बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ जिलों के लिए अगले 24 घंटे में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ जिलों मेंभारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

वहीं बलौदाबाजार, बलरामपुर, बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर और सरगुजा को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।

इसके अलावा दुर्ग, गरियाबंद, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरिया, महासमुंद और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बनी मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश जारी रहने का अनुमान है।


अन्य पोस्ट