रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारो से नियमित चर्चा में सोमवार को कहा कि पिछले तीन दिनों से भाजपा का हर छोटा बड़ा नेता कांग्रेस को वंदे मातरम के सम्मान का पाठ पढ़ा रहा। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के बारे में अनर्गल और झूठी बाते कर रहे, जबकि कांग्रेस मुख्यालय में पूरा वंदेमातरम गायन हुआ था। जो भाजपा आजादी की लड़ाई के समय अंग्रेजो की चाटुकारिता करती थी, तब कांग्रेस के नेता वंदेमातरम गाकर अंग्रेजो का विरोध करते थे। उस समय भाजपाई अंग्रेजो का साथ देते थे। भाजपा कांग्रेस को वंदे मातरम देश भक्ति न सिखाये। हम तो हर कार्यक्रम में वंदेमातरम गाते है, भाजपा को चुनौती देता हूं, अपने कार्यालय में वंदे मातरम गाने का एक वीडियो जारी करें।
बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किला से 15 अगस्त को जो उद्बोधन दिया वह देश और प्रदेश की जनता को निराश करने वाला था। प्रधानमंत्री ने अप्रत्यक्ष तौर पर युवाओं के आंदोलन को नक्सल विचारधारा से जोड़ा। यह देश की भावी पीढि़ का अपमान है। आप देश के युवाओं को साफ निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली दे पा नहीं रहे। नौकरियां बेची जा रही है। विरोध पर बच्चे सामने आ रहे तो वे नक्सली हो गये, प्रधानमंत्री भारत की 65 प्रतिशत युवा आबादी से माफी मांगे।
बैज ने कहा कि भारतीय रेल के अधिकृत फेसबुक पेज पर देश के सभी 70 रेल डिवीजन के समय पालन की रैंकिंग प्रसारित की गयी है। इस सूची में रायपुर डिवीजन 61वें, नागपुर डिवीजन 57 वें और बिलासपुर डिवीजन 68 वें नंबर पर है, इस सूची को देख कर बहुत ही अफसोस हो रहा है। सबसे अधिक आय अर्जित करने वाले बिलासपुर मंडल और उसमें सम्मिलित रेल डिवीजन बिलासपुर , रायपुर व नागपुर का उपयोग रेल मंत्रालय द्वारा मात्र आय अर्जित करने के लिए किया जाना जा रहा है।
बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जेम पोर्टल को अवार्ड मिलने पर आश्चर्य हो रहा है। लगता है 35000 का जग खरीदी, एक लाख दस हजार की टीवी खरीदी, रोटी मेकर मशीन 10 लाख में खरीदने, शिक्षा विभाग में कुर्सी, टेबल, अन्य सामाग्री तीन से चार गुना महंगा खरीदने पर यह अवार्ड मिला है।