रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अगस्त। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का देश विरोधी आचरण एक बार फिर सामने आया है। कांग्रेस और उसके नेता अब केवल राष्ट्र के विरुद्ध बयान ही नहीं दे रहे हैं, बल्कि आचरण से प्रदर्शित भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सम्मान हर नागरिक को करना चाहिए। श्री साव ने आज निवास कार्यालय में कहा कि वंदे मातरम् के गायन को बीच में रोकना और बाद में अलग-अलग तरह के स्पष्टीकरण देना उचित नहीं है। भारत लोकतांत्रिक और कानून से चलने वाला देश है। देश में जो कानून और संवैधानिक व्यवस्था है, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए। किसी राजनीतिक दल की बैठक में पारित प्रस्ताव के आधार पर देश नहीं चलता। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एकजुट और मजबूत रखने के लिए दिमागी नक्सलवाद से सावधान रहने की बात कही है। देश की एकता को मजबूत बनाए रखते हुए हमें मिलकर भारत को आगे बढ़ाना है।