रायपुर

कार को बस ने ठोंका, विरोध करने पर ड्राइवर-कंडक्टर ने दी धमकी
17-Aug-2026 8:29 PM
 कार को बस ने ठोंका, विरोध करने पर ड्राइवर-कंडक्टर ने दी धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अगस्त। सिविल लाइन और पुरानीबस्ती इलाके में रविवार को मारपीट की तीन घटनाएं सामने आई। इनमें सिविल लाइन में पुरानी रंजिश और एक अन्य मामले में सडक़ से कुत्ता हटाने की बातर पर विवाद वहीं पुरानी बस्ती में बस की ठोकर के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने मामलों में आरोपी के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया है।

राजातालाब निवासी संतोष चौधरी ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त की रात  2 से 2.30 बजे उनका भतीजा ऋषभ चौधरी घर लौट रहा था। इसी दौरान पुजारी स्कूल के पास अंबेडकर चौक में सैय्यद अमान, अदनान असरफी, हबीब अमन, मोईन और उसके साथियों ने ऋषभ को रोक लिया।

आरोपियों ने पुरानी रंजिश की बात पर ऋषभ के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे हाथ-मुक्के से मारपीट की गई।

एक अन्य मामले में राजातालाब निवासी मोहम्मद अनीश ने पुलिस को बताया कि वह 15 अगस्त की रात 11.45 बजे वह अपने साथी रमजान शेख के साथ अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। केनाल लिंकिंग रोड के पास रवि नगर गार्डन के सामने रास्ते में कुत्ता आने पर अनीश ने उसे आवाज देकर हटाने का प्रयास किया।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे राजा और वंश चौधरी ने उन्हें आवाज देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए अनीश से मारपीट की। इसी दौरान परिचित सैय्यद अमान वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। तभी अंशु चौधरी भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्के से मारपीट की। अनीश पर राजा ने हाथ में पहने किसी चीज से उसके सिर पर हमला कर दिया। जिससे सैय्यद अमान के सिर में भी चोट आई।

प्रोफेसर कॉलोनी निवासी ऐश्वर्यजीत ने पुलिस में शिकायत में बताया कि 16 अगस्त को दोपहर 3 बजे टाटीबंध से प्रोफेसर कॉलोनी आते कुशालपुर ओवरब्रिज के पास होटल श्रीजी इन के सामने रिंग रोड नंबर-1 पर पीछे से आ रही रायपुर बस सर्विस की बस ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर से कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एश्वर्य के विरोध करने पर बस चालक और कंडक्टर नीचे उतरे और कार रोकने को लेकर विवाद करने लगे।

 दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट