रायपुर

सैयदना ने राज्य के आदिवासी बच्चों की शिक्षा, कल्याण के लिए सीएम को सहयोग राशि का चैक सौंपा
16-Aug-2026 6:46 PM
सैयदना ने राज्य के आदिवासी बच्चों की शिक्षा, कल्याण के लिए सीएम को सहयोग राशि का चैक सौंपा

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  रायपुर प्रवास पर आए दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन से भेंट की।

उन्होंने सैयदना  का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए  राज्य के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में दाऊदी बोहरा समुदाय के सकारात्मक योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने रायपुर में बोहरा परिवारों की लंबे समय से मौजूदगी तथा शहर के व्यापारिक क्षेत्र और व्यापक सामाजिक जीवन में उनकी सक्रिय भूमिका का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने समुदाय की फैज़ अल-मवाइद अल-बुरहानियाह  सामुदायिक रसोइयों की भी सराहना की, जिनके माध्यम से विश्वभर में दाऊदी बोहरा परिवारों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इस दौरान सैयदना ने राज्य के आदिवासी बच्चों की शिक्षा एवं कल्याण के लिए एक राशि का योगदान भी दिया। बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सैयदना साहब के साथ आए वरिष्ठ सदस्य तथा स्थानीय दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सैयदना  सैफुद्दीन  एक दशक के अंतराल के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ की यात्रा पर हैं। रायपुर के बाद वे बिलासपुर, तखतपुर और भाटापारा का दौरा कर समाज के सदस्यों से मुलाकात की।


अन्य पोस्ट