रायपुर

फीकी हो सकती है 15 अगस्त पर रौनक, 4 दिन भारी बारिश
12-Aug-2026 8:25 PM
फीकी हो सकती है 15 अगस्त पर रौनक, 4 दिन भारी बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अगस्त। प्रदेश में एक बार फिर बारिश गतिविधियां तेज होने के आसार है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बन रहे निम्न दबा के कारण प्रदेश में बारिश हो सकती है। जो आने वाले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह 8.30 बजे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। अगले 12 घंटे में इसके चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके अवदाब में बदलने तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका बीकानेर, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में स्थित निम्न दबाव के केंद्र, सतना, डाल्टनगंज होते हुए पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र तक फैली हुई है। यह समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तृत है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है।

इस दौरान राजधानी में बुधवार को बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो पैकेट में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


अन्य पोस्ट