रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त। बीते रविवार को दिनदहाड़े सिलतरा में गर्दन पर चाकू टिकाकर नगदी एवं मोबाइल लूटने वाले हिस्ट्रीशीटर सहित 3 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक इलाके का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने लूट की रकम, बाइक एवं चाकू जप्त किया है।
राहुल गौतम ने थाना सिलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को वह ग्राम सांकरा स्थित एटीएम से 22,500 निकाल अपनी पैंट की जेब में रखकर घर जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे सिलतरा रोड स्थित तिरूमाला बालाजी कंपनी के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया तथा उससे पैसे मांगते हुए गाली-गलौज एवं मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने राहुल की गर्दन पर चाकू रखकर उसकी जेब में रखे 22,500 रूपए मोबाइल फोन लूट कर सांकरा की ओर फरार हो गए। इस मारपीट से राहुल के दाहिने हाथ की कलाई सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। प सिलतरा पुलिस धारा 309(4), 309(6), 111 दर्ज कर लुटेरों की तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फूटेज देखने के साथ मुखबिर की भी मदद ली। इसी दौरान संलिप्तों की जानकारी पर ग्राम सांकरा निवासी आरोपी सतीश कुर्रे, सत्यप्रकाश टण्डन एवं संदीप कुर्रे उर्फ चीनी को पकड़ कर पूछताछ में लूटना स्वीकार किया। तीनों को गिरफ्तार कर लूट की रकम में से 6,100/- रूपए घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं चाकू जप्त किया गया।