रायपुर

आदिवासी दिवस पर अजय, बघेल का वार पलटवार
11-Aug-2026 7:53 PM
आदिवासी दिवस पर अजय, बघेल का वार पलटवार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 अगस्त। 9 अगस्त  विश्व आदिवासी दिवस पर भाजपा सरकार और संगठन द्वारा विश्व आदिवासी दिवस नहीं मनाने और बधाई तक नहीं देने को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया? ।  आज 15 जिलों में कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है। इस  विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि विश्व के मूल निवासियों का अंतरराष्ट्रीय दिवस 9 अगस्त को होता है और कांग्रेस को इस प्रस्ताव को पढऩा चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अक्ल की कमी है और भाजपा को कांग्रेस से मार्गदर्शन की जरूरत नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि उसने आदिवासियों के लिए क्या किया है।

 पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर उन्होंने दुनिया भर के आदिवासी समाज को एक ट्वीट तक कर बधाई नहीं दी। बघेल ने कहा कि देश की राष्ट्रपति और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री दोनों आदिवासी समाज से आते हैं, ऐसे में आदिवासी दिवस पर बधाई नहीं देना दुर्भाग्यजनक है।

भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान 9 अगस्त को आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि उस समय विश्व आदिवासी दिवस बड़े स्तर पर और धूमधाम से मनाया जाता था। बघेल ने कहा कि मौजूदा सरकार के सामने अब घोषित अवकाश को निरस्त करने की हिम्मत नहीं है।

बघेल ने पिछले साल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि आदिवासी दिवस के दिन मुख्यमंत्री का इंडोर स्टेडियम जाने का कार्यक्रम तय था और उसका प्रोटोकॉल भी जारी हो चुका था। उनके मुताबिक बाद में यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ऊपर से दबाव आया था। उन्होंने कहा कि यह दबाव कहां से आया, चाहे आरएसएस कार्यालय से या दिल्ली से, इस बारे में वह निश्चित तौर पर नहीं कह सकते।

 झीरम घाटी मामले की एनआईए स्पेशल कोर्ट में चल रही अंतिम सुनवाई को लेकर कांग्रेस के बयानों पर चंद्राकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता खुद ही जज बन जाएं और कांग्रेस भवन से ही फैसला सुना दें।  चंद्राकर ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है और वह केवल झीरम मामले पर राजनीति करना चाहती है।

छत्तीसगढ़ में ‘पार्षद पति , पुत्र’ व्यवस्था खत्म करने पर अजय चंद्राकर ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और गैर-राजनीतिक विवादों से ऊपर उठकर इस व्यवस्था पर काम किया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों में 33 प्रतिशत और पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए हैं। वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए बयान दिया कि  महिलाओं की राजनीति में भाजपा के नेता सबसे ज्यादा दखल देते हैं।इस पर विधायक चंद्राकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद महिला और महिला पुत्र के इर्द-गिर्द चल रही है। पूरी पार्टी में महिला और उनके पुत्र का ही दखल है।कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ये ‘हाइब्रिड नस्ल’ के हैं, देसी नस्ल के भी नहीं हैं।


अन्य पोस्ट