रायपुर

निजी विश्वविद्यालयों के खेल को खारिज किया आयुष ने
11-Aug-2026 7:50 PM
निजी विश्वविद्यालयों के खेल को खारिज किया आयुष ने

मेडिकल कोर्स चलाने की अनुमति नहीं मिलेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 अगस्त। निजी यूनिवर्सिटी लाबी ने एक बार फिर एलायड मेडिकल कोर्सेज संचालित करने की अनुमति हासिल करने का खेल शुरू किया था जिसे दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर ने खारिज कर दिया है। यह खेल जून से चल रहा था।

उच्च शिक्षा विभाग की मंशा और निजी विश्वविद्यालयों के लगातार दबाव के बीच संचालक, चिकित्सा शिक्षा  ने 10 जुलाई  में एक पत्र के माध्यम से आयुष विश्वविद्यालय से औपचारिक राय मांगा था। मामला यह था कि क्या निजी विवि को हेल्थ एंड एलाइड साइंस, मेडिसिन, सर्जरी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, पैरामेडिकल और नर्सिंग जैसे संवेदनशील पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति दी जानी चाहिए? इसके लिए छत्तीसगढ़ आयुष एवं स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय अधिनियम 2008 की धारा 6(1) एवं 6(2) में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया था।

आयुष विवि ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि 2008 के अधिनियम के तहत उसकी बिना पूर्व अनुमति के कोई भी अन्य संस्थान चिकित्सा शिक्षा का संचालन नहीं कर सकता। इसके साथ ही, चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपना पृथक अस्तित्व है, जिस पर उच्च शिक्षा विभाग का कोई प्रशासनिक या नीतिगत नियंत्रण नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का हवाला देते हुए भी विवि ने तर्क दिया कि इसके तहत चिकित्सा, कानून और कृषि शिक्षा को सामान्य उच्च शिक्षा से अलग और विशिष्ट श्रेणी में रखा गया है।

अन्य राज्यों की व्यवस्था और जनहित का जिक्र करते हुए विवि ने बताया कि आंध्र प्रदेश व कर्नाटक की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी चिकित्सा शिक्षा के नियमन और सम्बद्धता के लिए एक ही शासकीय विश्वविद्यालय पूरी तरह पर्याप्त है। पर्याप्त प्रैक्टिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के बिना निजी विश्वविद्यालयों में कोर्स शुरू करने से ये संस्थान ‘डिग्री शॉपिंग मॉल’ बनकर रह जाएंगे, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित पर गंभीर असर पड़ेगा। इसके अलावा, कृषि शिक्षा को लेकर बिलासपुर हाईकोर्ट का सख्त रुख और भारती विवि की लंबित याचिका भी इस निर्णय का मुख्य आधार बनी।

अंतत: आयुष विवि के प्रबंधन बोर्ड और कार्यसमिति के सर्वसम्मत फैसले ने यह साफ कर दिया है कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा को व्यावसायिक होने से बचाने के लिए 2008 के अधिनियम में कोई संशोधन नहीं किया जाएगा।

 इस पर  कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ राकेश गुप्ता ने कहा है कि  बघेल सरकार में भी एक बार प्रस्ताव आया था कि आयुष विश्वविद्यालय के अलावा निजी विश्वविद्यालयों को भी चिकित्सा की डिग्री देने का अनुमति दी जाए। बहुत सोच विचार के बाद, आयुष विवि की राय के अनुसार हमने निजी विवि को चिकित्सा क्षेत्र के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया था।


अन्य पोस्ट