रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अगस्त। दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में जारी समयोपदेश वर्षायोग में मंगलवार को प्रात:कालीन अभिषेक, शांतिधारा हुए। श्रीजी की शांतिधारा नरेश रीतु जैन पाटनी तथा यशवंत जैन अमरचंद जैन परिवार को प्राप्त हुआ।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन ने जानकारी दी कि आज मुनि आगम सागर को आहार श्रीमती शालिनी आनंद जैन, ने प्रदान किया। ऐलक धैर्य सागर को राजकुमार संस्कार जैन एवं झाबक बाड़ा परिवार ऐलक स्वागत सागर को श्रीमती पुष्पादेवी बंशीलाल जैन ने दिया। धार्मिक कक्षा में मुनि पुनीत सागर ने तत्त्वार्थ सूत्र के तृतीय अध्याय मुनि श्री आगम सागर ने छह ढाला की प्रथम ढाल में नर्क गति का वर्णन करते हुए मंगल देशना दी।
आगम सागर ने कहा कि नारकीय जीवों की प्यास ऐसी होती है कि यदि वे तीन लोकों के समुद्र का पानी भी पी लें तब भी उनकी प्यास नहीं बुझती और उनका भोजन इतना होता है कि तीन लोगों का अनाज कम पड़ जाए। जो लोग माता-पिता को कष्ट देते हैं और चोरी करते हैं, उन्हें नर्क में ऐसी तीव्र प्यास लगती है कि कई समुद्रों का पानी भी कम पड़ जाता है। जो संसार में मांसाहार करते हैं, उन्हें नर्क में भोजन-पानी नहीं मिलता और नारकीय जीव अपना अंग-भंग काटकर दूसरे को खिलाते हैं।