रायपुर
बैज की पत्रकारों से चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज अगस्त क्रांति दिवस के मौके पर है स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों को नमन किया ।आज ही अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस पर देश और दुनियां तथा प्रदेश के आदिवासी भाईयों, बहनों को शुभकामनाएं दी ।
बैज ने कहा छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज की आबादी 32 प्रतिशत है लेकिन विकास की दौड़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार में समाज काफी पीछे है। प्रदेश का मुखिया आदिवासी है लेकिन दुख की बात है वह खुद को आदिवासी नहीं मानने की शर्त पर मुख्यमंत्री बने है। भाजपा, आरएसएस और आदिवासी समाज को वनवासी मानने का षडय़ंत्र करती है। यही कारण है जब सारी दुनिया यह दिवस मनाती है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार इस दिन को मनाने से परहेज करती है। उन्होंने बताया कि भाजपा आदिवासी मोर्चा अध्यक्ष विकास मरकाम ने तो दिवस न मनाने की अपील भी की है।बैज ने भाजपा की तिरंगा यात्रा पर कहा कि राष्ट्रवाद और तिरंगा प्रेम केवल दिखावा है,
भाजपाई बताएं उनके पूर्वजों ने क्यों तिरंगे को अपमानित किया था। आज भी संघ के शाखाओं में तिरंगा क्यों नहीं फहराया जाता? इसी तिरंगा को भाजपा ने पितृ पुरुष गोलवलकर ने देश के लिये अपशगुन बताया था। गोलवलकर ने अपनी पुस्तक बंच ऑफ थॉट्स में तिरंगा को राष्ट्रीय ध्वज मानने से ही मना कर दिया था।
स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल पर बैज ने कहा कि सरकार झूठा दावा कर रही है कि जून की अपेक्षा जुलाई में 30 प्रतिशत बिजली कम खपत हुई है, लेकिन पिछले 8 माह से प्रतिमाह हर आदमी की औसत बिजली खपत तथा बिजली बिल 30 से 40 प्रतिशत बढ़ते गया है। जो 8 माह में चार गुना से भी ज्यादा है। जून की अपेक्षा जुलाई में खपत कम होना स्वाभाविक है लेकिन बिजली कंपनी पिछले 8 माह के बिजली बिल का विश्लेषण जारी करे।
बैज ने कहा कि बीच शिक्षण सत्र में 700 शिक्षकों के ट्रांसफर पर कहा कि भाजपा की सरकार शिक्षकों से जबरिया उगाही और भयादोहन के लिए नियमों और तय मापदंडों को ताक पर रख कर तबादला उद्योग चला रही है। सरकार के इस अव्यावहारिक निर्णय से बच्चों के पढ़ाई की लय टूटेगी।
बैज ने कहा कि मोदी सरकार ने नफा नुकसान का वैज्ञानिक परीक्षण किये बिना पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनाल मिला कर पेट्रोल बेचना शुरू कर दिया है जिसके कारण लोगों के वाहन खराब और माईलेज भी आधा हो गया है। मोदी सरकार ने अपने एक मंत्री की जिद और उनके पुत्रों के व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पूरे देश को संकट में डाल दिया है। ई-20 पेट्रोल आम पेट्रोल की अपेक्षा शुद्ध नहीं है इसीलिए माईलेज में कमी आ रही है तथा गाडिय़ों के इंजन भी खराब हो रहे है।