रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। श्री दिगम्बर जैन आदीश्वरधाम नवोदय तीर्थ समयोपदेश वर्षायोग के मौके पर रविवार को बड़ा मंदिर मालवीय रोड में भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई।
इसमें विशेष रूप से श्री पद्म प्रभु जिनालय लाभांडी समाज के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि आज अभिषेक एवं शांतिधारा प्रदीप आशा रिशु तान्या बडज़ात्या लाभांडी शीलचंद सुप्रीत आनन्द जैन तथा कीर्तिश नितेश प्रवीण प्रतीक आशीष जैन बांसवाड़ा राजस्थान ने किया । आज मुनिश्री आगम सागर एवं ससंघ को समाज के सदस्यों द्वारा आहार कराया गया। इसके बाद मुनि पुनीत सागर ने अपनी धार्मिक कक्षा के दौरान तत्त्वार्थ सूत्र ग्रंथ के दूसरे अध्याय का अध्ययन करवाया। मुनि श्री आगम सागर ने छ: ढाला ग्रंथ के दूसरे अध्याय का वाचन कर नरक गति के स्वरूप कर्मों के फल और जीवन में सच्चे धर्म के महत्व पर बहुत ही विस्तृत प्रकाश डाला। मुनि श्री ने बताया कि नरक लोक में बड़े-बड़े बिल और गुफाएं होती हैं जिनमें नारकीय जीव निवास करते हैं। इन बिलों में अत्यंत घना अंधकार रहता है और जीव एक-दूसरे को अपने अवधिज्ञान के माध्यम से देखते हैं। नरक में अत्यधिक गर्मी लगने पर जब जीव वृक्ष की छाया में बैठने का प्रयास करते हैं तो वहां सेमर जाति के वृक्ष का वर्णन आता है जिसके पत्ते तलवार की धार के समान अत्यंत तीखे होते हैं। जैसे ही कोई जीव उस वृक्ष के नीचे बैठता है तो स्वभाववश वे पत्ते गिरकर जीव को काट देते हैं जिससे उन्हें अत्यधिक तीव्र वेदना सहनी पड़ती है। यह सब चारों ओर किए गए हिंसात्मक कर्मों और पापकर्मों की सजा के रूप में मिलता है। किसी को बुरा-भाला बोलने या हिंसा करने पर ऐसी भयंकर सजा मिलती है। तलवार जिस प्रकार शरीर को अलग करती है वैसे ही नरक में जीवों को काटा जाता है और जब अत्यंत गर्मी व प्यास लगती है तब उन्हें असहनीय वेदना सहन करनी पड़ती है।