रायपुर
तृतीय चतुर्थ श्रेणी कर्मी भर्ती नियम राजपत्र में अधिसूचित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अगस्त। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्ती के लिए नियमों को राजपत्र में अधिसूचित कर दिया है। इसके साथ ही 'छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल नियम, 2026' को आधिकारिक तौर पर लागू हो ग?ए हैं। नए नियमों में आने से भर्ती परीक्षाओं के आवेदन से लेकर दस्तावेज सत्यापन तक की पूरी व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। इनके मुताबिक अब हर अभ्यर्थी को चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल बनाकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बिना किसी भी परीक्षा का फॉर्म नहीं भरा जा सकेगा।
सभी लिखित परीक्षाएं समूहवार या उप-समूहवार ओएमआर/एमसीक्यू फॉर्मेट में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा के बाद पारदर्शी तरीके से मॉडल उत्तर जारी होंगे और अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा।
इसी तरह से जिन पदों पर स्किल टेस्ट या शारीरिक दक्षता परीक्षा होनी है, वहां कुल विज्ञापित सीटों के मुकाबले 15 गुना ज्यादा अभ्यर्थियों की सूची बनेगी। यह टेस्ट केवल क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा। सबसे खास बात यह है कि संबंधित विभागों को 3 महीने के भीतर यह प्रक्रिया हर हाल में पूरी करनी होगी। जो अभ्यर्थी अनुपस्थित रहेंगे, उनकी दावेदारी तुरंत रद्द मानी जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को परिणाम आने के बाद 15 दिनों के अंदर ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद मंडल कोई भी प्रतीक्षा या रिजर्व लिस्ट जारी नहीं करेगा। विभागों को समय सीमा के भीतर सत्यापन कर नियुक्ति देनी होगी। अब कर्मचारी चयन मंडल हर साल अगस्त के महीने में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करेगा।