रायपुर
तालाब किनारे मिली थी लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 7 अगस्त। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो में तालाब किनारे मिली युवक की लाश की गुत्थी पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30 वर्ष) पिता जलसिंग सिदार ग्राम तोरला (ओडिशा) के रूप में हुई है। परमेश्वर पिछले करीब छह महीने से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदारी का काम कर रहा था। मंगलवार को तालाब के पास उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए हर पहलू से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी तिजिया सिदार (26 वर्ष) पर संदेह हुआ। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन विवाद करता था। लगातार घरेलू विवाद और कथित प्रताडऩा से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने साड़ी से गला घोंटकर अपने पति परमेश्वर सिदार की हत्या कर दी थी। अभनपुर पुलिस ने आरोपी तिजिया सिदार ग्राम तोरला (ओडिशा), वर्तमान निवास ग्राम टोकरो, थाना अभनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अभनपुर थाने में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और जांच आगे भी जारी है।