रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। गंज पुलिस की कस्टडी से चोरी के प्रकरण में पकड़े गए आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शौच के बहाने पुलिस को चकमा देकर भाग गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक 4 अगस्त की रात थाना गंज के में दर्ज चोरी के प्रकरण के आरोपी भीमगज उर्फ विक्की को थाना सिटी कोतवाली, सूरजपुर से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया था। आरोपी को गंज थाना के पुरुष बंदी गृह में सुरक्षा के लिए रखा गया था। 5 अगस्त की सुबह 9.50 बजे आरोपी ने शौच जाने की बात कही। बंदी गृह में शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक उसे सामने बने शौचालय में लेकर गए। इसी दौरान आरोपी ने शैाचालय में पानी नहीं आने की बात कही। तब पानी की मोटर चालू करने के लिए प्रधान आरक्षक स्विच बोर्ड की ओर चले गए। इस बीच आरोपी मौका पाकर वहां से भाग निकला जब पुलिसकर्मी वापस पहुंचे तो आरोपी मौके पर नहीं मिला। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना पर गंज थाना पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने का मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।