रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। बुधवार को मुजगहन के कृष्णा सोसायटी में एक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी है। दोनों ही लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोपी ने शक के चलते अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। मुजगहन पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवती कांकेर कोकपुर निवासी भारती नेताम (19) थी और वह विकास कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी युवक की पहचान सावंत बघेल के रूप में हुई है, वह कोंडागांव का निवासी था। सावंत कोंडागांव के रावतपुरा कॉलेज का छात्र था। पुलिस के मुताबिक, दोनों पिछले 6 से 7 महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।फिलहाल पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आज शाम खुलासा करेगी।
मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को बताया कि वह कोकपुर लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं है, तब उसने ऑनलाइन 3 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। इसके बाद 4 अगस्त की रात उसे फोन से सूचना मिली कि भारती को मेकाहारा इलाज के लिए ले जाया गया है, जहां उसकी मौत हो गई, जिसके बाद देविका 5 अगस्त को पिता और बहन के साथ रायपुर पहुंची। मृतका की बांयी आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और ठुड्डी पर चोट के साथ ही खून जमने के निशान मिले हैं। आरोप लगाया गया है कि सांवत ने ही भारती की हत्या की है। देविका की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।