रायपुर

बृजमोहन का सीएम को पत्र- रायपुर कमिश्नरेट के सीमा पुनर्गठन 660 पदों को भरने की जरूरत
06-Aug-2026 8:11 PM
बृजमोहन का सीएम को पत्र- रायपुर कमिश्नरेट के सीमा पुनर्गठन 660 पदों को भरने की जरूरत

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अगस्त। रायपुर लोकसभा सांसद और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर राजधानी रायपुर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर कई गंभीर मुद्दे उठाए हैं। सांसद ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्राधिकार के पुनर्गठन के साथ-साथ कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण पुलिस में खाली पड़े पदों को तुरंत भरने और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

पत्र में सांसद ने उल्लेख किया कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद राजपत्रित अधिकारियों की संख्या 19 से बढ़ाकर 37 कर दी गई है। लेकिन उनके अधीन काम करने वाले आरक्षक, प्रधान आरक्षक, एएसआई, एसआई और निरीक्षक स्तर के बल की अत्यधिक कमी है।

वर्तमान स्थिति यह है कि रायपुर कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण दोनों का रक्षित केंद्र (रिफ्रेश/रिजर्व सेंटर) संयुक्त है, जहाँ कुल 660 पद खाली हैं।

सांसद का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर रिक्तियां होने के कारण थानों और मैदानी स्तर पर गश्त व विवेचना का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। श्री अग्रवाल ने पत्र में बताया है कि नगर निगम रायपुर के कई ऐसे क्षेत्र जो पूरी तरह शहरी स्वरूप ले चुके हैं, वे आज भी च्रायपुर ग्रामीण पुलिसज् के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत: महात्मा गांधी वार्ड (क्रमांक-8), मोतीलाल नेहरू वार्ड के विभिन्न हिस्से, अमर सिंह बस्ती, स्वर्णभूमि कॉलोनी, शिवाजी पार्क, राजधानी विहार कॉलोनी, प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान, सत्यम नगर और कचना। अन्य संवेदनशील क्षेत्र-साधु क्षेत्र स्थित बीएसपी  कॉलोनी का सामाजिक-आर्थिक संपर्क पूर्णत: शहर से है, लेकिन यह थाना विधानसभा (ग्रामीण) के अधीन आता है। सीमाओं का ओवरलैप और लॉजिस्टिक की व्यावहारिक समस्याएं

सांसद ने पत्र में क्षेत्राधिकार के टकराव के कुछ उदाहरण प्रस्तुत किए हैं- कमल विहार: कमल विहार का सेक्टर-13, 14 और 15 थाना मुजगहन (ग्रामीण) के अंतर्गत आता है, जबकि उससे ठीक लगे हुए अन्य हिस्से थाना माना के अधीन हैं। इससे अपराध विवेचना और त्वरित कार्रवाई में भ्रम की स्थिति बनती है। स्वामी विवेकानंद विमानतल (एयरपोर्ट)- वर्तमान में एयरपोर्ट थाना माना (रायपुर ग्रामीण) के अंतर्गत आता है। राजधानी का प्रमुख वीवीआईपी और वीआईपी आवागमन केंद्र होने के कारण एयरपोर्ट से शहर तक सुरक्षा में कमिश्नरेट और ग्रामीण दोनों को अलग-अलग बल लगाना पड़ता है, जिससे संसाधनों का दोहराव होता है।

सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र: सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया का कुछ भाग कमिश्नरेट में और कुछ भाग ग्रामीण पुलिस के पास है। उद्योग एक क्षेत्र में हैं और श्रमिकों की बस्तियां दूसरे थाना क्षेत्र में, जिससे औद्योगिक विवाद या कानून-व्यवस्था बिगडऩे पर तालमेल बैठाना कठिन हो जाता है।

 ट्रैफिक व्यवस्था का बुरा हाल: 25 लाख आबादी पर सिर्फ 46 जवान

वर्ष 2016 में रायपुर की आबादी 15 लाख थी, जो 2025 तक बढक़र 25 लाख से अधिक हो चुकी है। इसके साथ ही सडक़ों पर वाहनों की संख्या में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। लेकिन, इतनी बड़ी आबादी और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए यातायात शाखा में मात्र लगभग 46 पुलिसकर्मी ही तैनात हैं, जो बीपीआरडी  के तय मानकों से बेहद कम हैं।

कमिश्नरेट बनने के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 5 पुलिस उपायुक्त  और 18 सहायक पुलिस आयुक्त  के पद तो स्वीकृत किए गए, लेकिन उनके लिए स्थाई कार्यालय भवन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। वर्तमान में ये अधिकारी अस्थायी व्यवस्थाओं के तहत काम कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट