रायपुर
मुख्य सचिव देंगे रिपोर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। कांकेर जिले में मलेरिया से लगातार हो रही मौतों के मामलों पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। आयोग ने मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के अनुसार मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले 13 दिनों में कांकेर जिले में मलेरिया से पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें 28 जुलाई को एक 11 वर्षीय बालक की मौत भी शामिल है। बताया गया कि बच्चे की प्रारंभिक जांच निजी लैब में निगेटिव आई थी। तबीयत बिगडऩे पर उसे अल्बेलापारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बाद में जांच रिपोर्ट में मलेरिया की पुष्टि हुई। एनएचआरसी ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में सामने आए तथ्य सही हैं, तो यह स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही और मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला हो सकता है। इधर, सरकार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर मलेरिया स्क्रीनिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही लोगों को मलेरिया से बचाव और समय पर जांच व उपचार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
दूसरी ओर बताया जा रहा है डेढ़ माह पहले ही राशि मिल गई थी लेकिन खरीदी अब तक नहीं की गई। छह सप्ताह पहले ही केंद्र सरकार से 68 करोड रुपए का फंड मलेरिया ग्रस्त क्षेत्र के लिए मेडिकेटेड मच्छरदानी की खरीदी वितरण के लिए दे दिया गया था। यह राशि भी 3 साल बाद प्राप्त हुई थी। लेकिन संचालक स्वास्थ्य ने अब तक खरीदी प्रक्रिया शुरू करने के लिए सहमति नहीं भेजी । कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी फंड से मेडिकेटेड मच्छरदानी खरीदने की सहमति बस्तर संभाग में सभी कलेक्टर को दी गई थी लेकिन अज्ञात कारणों से यह खरीदी नहीं हो पाई है।