रायपुर

मेटल पार्क की फैक्ट्री से 9 बाल श्रमिक रेस्क्यू, संचालक और चार ठेकेदारों पर एफआईआर
05-Aug-2026 8:06 PM
मेटल पार्क की फैक्ट्री से 9 बाल श्रमिक रेस्क्यू, संचालक और चार ठेकेदारों पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अगस्त। राजधानी के खमतराई स्थित मेटल पार्क में संचालित मारुति नंदन स्ट्रक्चर्स प्रा. लि. यूनिट-2 में नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने के मामले में पुलिस टीम ने फैक्ट्री के संचालक और चार ठेकेदारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन छत्तीसगढ़ के राज्य समन्वयक विपिन ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, श्रम विभाग, पुलिस मुख्यालय और राज्य बाल संरक्षण समिति के निर्देशों के पालन में 12 जून 2026 को विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और एवीए की संयुक्त टीम ने मेटल पार्क स्थित फैक्ट्री में छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में नौ नाबालिग बालक जोखिम भरे माहौल में काम करते मिले। टीम ने सभी बालकों को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति, रायपुर के समक्ष प्रस्तुत किया। जांच के दौरान बच्चों ने बताया कि उनसे ठेकेदार मुकेश शर्मा, अनुज चौधरी, शीतल और युवराज काम कराते थे। बच्चों से प्रतिदिन लगभग 10 से 12 घंटे तक भारी मशीनों और बिजली से संचालित उपकरणों के बीच काम कराया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि रेस्क्यू किए गए बच्चों में दो अनुसूचित जनजाति वर्ग के हैं, जबकि कुछ बच्चे उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के निवासी हैं।

शिकायत और प्रस्तुत दस्तावेजों के परीक्षण के बाद खमतराई पुलिस ने फैक्ट्री के संचालक एवं संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ धारा 146 एवं 3(5), किशोर न्याय अधिनियम की धारा 79 तथा बाल एवं किशोर श्रम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट