रायपुर
छत्तीसगढ़ ओडिशा के डेयरी कारोबारियों ने भोपाल से मंगाया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 अगस्त। स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा निर्देश के बाद लगाए गए प्रतिबंध के बाद आज दूसरे दिन भी खाद्य अमले ने रायपुर स्टेशन में 500 किलो एनालाग पनीर जब्त किया। यह नकली पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस से पहुंचा था। यह पनीर छत्तीसगढ़ ओडिशा के कारोबारियों ने भोपाल से मंगाया था।
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे से खाद्य विभाग के अधिकारी रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद हैं। और पनीर के नमूनों की जांच कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पनीर की खेप अमरकंटक एक्सप्रेस से बिलासपुर के रास्ते पहुंची थी।जो आधा किलो एक किलो के पैकेट में सफेद प्लास्टिक के बोरों में पैक किया गया था।यह पनीर भोपाल के कोलार नवापुरा स्थित फैक्ट्री में शुद्ध अमृत ब्रांड के नाम से तैयार किया जाता है। सरायपाली के शुभम ट्रेडर्स के लिए 13400 रूपए, शंकर ट्रेडर्स बसना के लिए 13400, जगदलपुर के किसी राठी के लिए, जैपोर ओडिशा के बादल ट्रेडर्स 53600, पंकज ट्रेडर्स नवरंगपुर ओडिशा के लिए 53600 रूपए के लिए भेजा गया था।हालांकि, रेलवे परिसर होने के कारण विभाग अब तक कोई जब्ती या अन्य कार्रवाई नहीं कर पाया है। पहले अधिकार क्षेत्र और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। खाद्य अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और नमूनों की प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कटनी निवासी प्रांशु राय नाम के युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह आशीष जायसवाल नामक व्यक्ति के कहने पर बिना बुकिंग पनीर ट्रेन में चढ़ाने आया था। युवक के मोबाइल की जांच में सौरभ शर्मा और आशीष जायसवाल के साथ पनीर सप्लाई से जुड़ी लंबी बातचीत और चैट रिकॉर्ड मिले हैं। इससे पहले सोवार को भी टीम ने 100 किलो पनीर जब्त किया था जिसे अंबिकापुर भेजने की तैयारी थी।
अब तक 4200 किलो नकली पनीर जब्त
जुलाई 2025 में बिरगांव की काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से करीब 2,500 किलो संदिग्ध/एनालॉग पनीर जब्त कर फैक्ट्री सील की गई थी। हाल ही में खाद्य विभाग ने रायपुर की एक और पनीर फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 1,700 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। यानी पिछले एक साल में रायपुर में करीब 4,200 किलो संदिग्ध पनीर पर कार्रवाई हो चुकी है।