रायपुर
पुलिस में शिकायत करने पर मितानिन को धमकी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अगस्त। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर, खमतराई और डीडीनगर इलाके में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इनमें होटल में आईडी मांगने पर कर्मचारी के साथ मारपीट, पड़ोसी की लडक़ी से प्रेम विवाह करने पर दो पक्षों में विवाद और रंजिश का बदला लेने महिला को धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरस्वती पुलिस के मुताबिक मारुति लाइफ स्टाइल के सामने कोटा निवासी अर्जुन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह होटल क्लब पराइसो में फ्रंट ऑफिस असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। 2 अगस्त की रात 2.30 बजे अभिषेक सिंह चौहान अपने साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने आया था। जहां होटल में कमरा बुक करने के लिए अजुन ने उनसे आईडी मांगने पर आरोपी पहले कमरा देने के लिए धमकाने लगे। जिसे मना करने पर अभिषेक चौहान ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने थप्पड़, हाथ मुक्कों से हमला कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। इस बीच अभिषेक ने झूमाझटकी कर होटल के रिसेप्शन में रखे फोन को छिन कर जमीन में पटक दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उधर खमतराई के मठपारा उरकुरा नंदी चौक निवासी सविता साहू ने शिकायत में बताया कि उनके बेटे मोहन साहू ने साल 2020 में पड़ोस में रहने वाली गायत्री रजक से प्रेम विवाह किया था। इसी रंजिश को लेकर 2 अगस्त की रात 9.30 बजे पड़ोसी कमल रजक और मोनू रजक ने उनकी बहू गायत्री रजक को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर दोनों ने बाल पकडक़र मारपीट की। झगड़े के बीच कमल रजक ने हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। विक्की साहू और अनिल कुमार कौशल ने बीच-बचाव किया।
इधर डीडीनगर के रुखमणी नगर बांसटाल खल्लारी चौक निवासी कामिनी साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि 2 अगस्त की शाम 4 से 5 बजे के बीच योगेश टंडन और उसकी पत्नी खुशबू टंडन उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी दी। पूर्व में भी योगेश टंडन उसके साथ विवाद किया था। जिसकी शिकायत भी दर्जकराई गई थी। इस रंजिश के चलते आरोपी उसे लगातार परेशान करता था। और झूठे केस में फंसाने की धमकी देता था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य मामलों के अपराध दर्ज किए हैं। मामले में जांच की जा रही है।