रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अगस्त। नगरीय निकाय सेवा की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती कृष्णा खटीक निगम के प्रभारी अपर कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त हुईं। श्रीमती खटीक के सम्मान में निगम मुख्यालय के सभाकक्ष में बिदाई दी गई। कमिश्नर संबित मिश्रा ने श्रीमती खटीक का बुके, श्रीफल, शाल से सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने श्रीमती खटीक की सेवाओं को सराहा एवं उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। अपर कमिश्नर लोकेश्वर साहू व विनोद पाण्डेय, मोनेश्वर शर्मा, अधीक्षक मोहित कुमार दर्रो तथा अधिकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने श्रीमती खटीक की सेवाओं का उल्लेख करते हुए सराहना की। श्रीमती खटीक ने सहयोग के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक धन्यवाद दिया। इस अवसर पर श्रीमती खटीक के परिवारजन उपस्थित रहे। बिदाई समारोह में निगम के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
इनके प्रभार बढ़े: निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अपने मातहत उपायुक्तों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। जारी आदेश के अनुसार श्रीमती जागृति साहू, उपायुक्त को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग (जाति प्रमाण पत्र) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी प्रकार जसदेव सिंह बाबरा, उपायुक्त को सामान्य प्रशासन विभाग एवं जोन 2 के चेक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।वहीं श्रीमती संगीता साहू, प्रभारी उपायुक्त को जनसूचना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।