रायपुर
छात्राओं को मिलेंगी बेहतर मूलभूत सुविधाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अगस्त। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साकार हुई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से क्षेत्र के 262 शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह स्वीकृति वीबी रामजी योजना, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) एवं गौण खनिज मद से दी गई है। प्रत्येक विद्यालय में बालिका शौचालय निर्माण के लिए 7 लाख की राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें वीबी रामजी योजना से 5 लाख तथा डीएमएफ/गौण खनिज मद से 2 लाख प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 18.34 करोड़ की लागत से यह महत्वपूर्ण कार्य संपादित होगा। स्वीकृत विद्यालयों में अभनपुर के 50 विद्यालय, आरंग के 117 विद्यालय, धरसीवां के 45 विद्यालय तथा तिल्दा के 50 विद्यालय शामिल हैं। सांसद के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत रायपुर द्वारा स्वीकृति आदेश जारी कर दिए गए हैं।सांसद अग्रवाल ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए हैं।