रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। आज सावन का पहले सोमवार के अवसर पर सुबह से ही शिवालयों में भक्ति आस्था की कतारें लगी रहीं। शिव मंदिर की ओर जाने वाले हर रास्ते पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। रायपुर के बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर, हटकेश्वर महादेव रावांभाठा बंजारी मंदिर, मच्छीतालाब मंदिर,समेत प्रदेशभर के कोने-कोने में आस्था के उत्सव की तस्वीरें सामने आ रही हैं। हटकेश्वर महादेव,बूढ़ेश्वर मंदिर के पट तडक़े 4 बजे से खोल दिए गए थे। लेकिन भक्त उससे पहले से ही कतार में थे। उनके हाथों में भोलेनाथ के दर्शन के लिए जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा से भरे पात्र थे। और हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष कर रहे थे । श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मौसम भी खुला होने से पौ फटने से पहले ही भक्तों की भीड़ बढ़ती चली गई।