रायपुर
रायपुर, 3 अगस्त। मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गाड़ा समाज, छत्तीसगढ़ के इतिहास में रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। समाज का पहला लोकतांत्रिक प्रदेश स्तरीय चुनाव 2 अगस्त 2026 को धान मंडी, पंडरी, रायपुर में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के मतदाता पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत किया।
निर्वाचन में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए श्री प्रदीप कुमार कुलदीप एवं श्री परदेशी राम हंश, प्रदेश सचिव पद के लिए श्री अशोक कुमार चौहान एवं श्री मुकेश देवदास, प्रदेश कोषाध्यक्ष पद के लिए श्री मनहरण लाल, श्री हिंछाराम देवदास एवं श्री नारायण सिंह नागेश, तथा प्रदेश युवा अध्यक्ष पद के लिए श्री अर्जित कुमार कुलदीप, श्री जितेंद्र कुमार चौहान एवं श्री चित्रसेन देवदास चुनाव मैदान में थे।
मतदान के पश्चात सम्पन्न हुई मतगणना में प्रदेश अध्यक्ष पद पर श्री प्रदीप कुमार कुलदीप, प्रदेश सचिव पद पर श्री अशोक कुमार चौहान, प्रदेश कोषाध्यक्ष पद पर श्री हिंछाराम देवदास तथा प्रदेश युवा अध्यक्ष पद पर श्री अर्जित कुमार कुलदीप विजयी घोषित हुए।
निर्वाचन समिति ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। साथ ही चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के लोकतांत्रिक योगदान तथा प्रदेशभर से आए मतदाताओं, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं युवा साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति ने कहा कि यह चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गाड़ा समाज में लोकतांत्रिक व्यवस्था की ऐतिहासिक शुरुआत है। समाज की एकजुटता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक सोच का यह नया अध्याय आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाएगा।
.jpeg)



.jpeg)
.jpeg)

