रायपुर

पेट पर कैंची से हमला, युवक को 10 साल की जेल
03-Aug-2026 6:13 PM
पेट पर कैंची से हमला, युवक को 10 साल की जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 अगस्त। रायपुर की अष्टम अपर सत्र न्यायालय ने हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी अमित कुमार साहू उर्फ बाबा उर्फ सुमीत विश्वकर्मा को धारा 109 के तहत दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 1,000 रूपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। साथ ही न्यायालय ने घायल को पीडि़त क्षतिपूर्ति योजना के तहत उचित मुआवजा देने की भी अपील की है।

अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती एकता अग्रवाल ने 31 जुलाई  को सत्र प्रकरण में यह फैसला सुनाया। अभियोजन पक्ष की ओर से  वकील विजय कुमार यादव ने पैरवी की।

अभियोजन के मुताबिक 1 सितंबर 2025 की रात लगभग 12:45 बजे आरोपी अमित कुमार साहू बढ़ईपारा स्थित संतोषी मंदिर के पास पहुंचा। वहां मौजूद द्वारिका प्रसाद गुप्ता और अन्य लोगों ने उसके आने का कारण पूछा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपी ने पहले अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी, फिर अपने पास रखे कैंची से द्वारिका प्रसाद के पेट पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल द्वारिका प्रसाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद शेखर गुप्ता की शिकायत पर आजाद चौक पुलिस ने अपराध दर्ज किया। पुलिस ने मौके से आरोपी की एक्टिवा जब्त की। विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ कर आरोपी के कब्जे से कैंची  बरामद किया गया।  जांच पूरी होने पर न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान न्यायालय ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया। न्यायालय ने पाया कि अभियोजन हत्या के प्रयास का अपराध सिद्ध करने में सफल रहा। हालांकि आरोपी को अश्लील गाली-गलौज और आपराधिक धमकी के मामले में धारा 296 और 351(2) के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया गया, जबकि धारा 109 के तहत दोषसिद्ध माना गया।

 वहीं अभियोजन ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए कठोर दंड देने का आग्रह किया। न्यायालय ने घायल के पेट में गंभीर चोट, ऑपरेशन और उपचार में हुए आर्थिक नुकसान को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर को पीडि़त क्षतिपूर्ति योजना के तहत द्वारिका प्रसाद गुप्ता को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की सिफारिश भी की है।


अन्य पोस्ट