रायपुर
प्रेमचंद की जयंती पर गोष्ठी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। ग्रीन पैराडाइज सोसायटी में प्रेमचंद और युवा...स्वप्न, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारी विषय पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई थी। कथा सम्राट प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर जसम के राष्ट्रीय सचिव एवं संस्कृतिकर्मी राजकुमार सोनी ने कहा कि आज भी सुविधाओं की चादर तानकर सोने वाला मध्यवर्ग यह कहते हुए मिल जाता है कि आंदोलन करने से क्या होने वाला है, लेकिन काफी पहले प्रेमचंद शायद ऐसे ही वर्ग के लिए कह गए थे कि धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों से हमारे जि़ंदा रहने का सबूत मिलता है। फिलहाल जेन-जी के धरना-प्रदर्शन और अपने आंदोलनों के जरिए यह भी बता ही दिया है कि वे बगैर डर के जि़ंदा रहने का हुनर जानते हैं।
गोष्ठी में शामिल ग्राम बंगोली के किसान साथी नरोत्तम शर्मा ने कहा कि प्रेमचंद काफी पहले भारतीय किसान और मजदूरों की दुर्दशा को भांप गए थे। इसलिए उन्होंने किसान विरोधी सत्ता से डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया।
इस मौके पर संस्कृतिकर्मी समीक्षा नायर ने संगठन में जेन-जी की भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने जसम की प्रदेश अध्यक्ष रुपेंद्र तिवारी के आलेख का वाचन भी किया। इसमें रुपेंद्र ने प्रेमचंद का साहित्य हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, समाज की वास्तविकताओं को पहचानने और अपने समय के प्रति उत्तरदायी बनने की प्रेरणा देता है।
सुप्रसिद्ध गायिका वर्षा बोपचे ने शिवकुमार पराग के एक गीत-अब हो सकें तो कोई शम्मा जलाइए। इस दौर-ए-सियासत का अंधेरा मिटाइए...की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा उन्होंने जसम के वरिष्ठ साथी सिरिल साइमन के गीत प्रस्तुत किया।मजदूर साथी कवि भागीरथी वर्मा ने भी छात्र और नौजवानों को केंद्र में रखकर अपनी धारदार रचनाओं का पाठ किया। डॉ. पूनम संजू ने प्रेमचंद के गांव लमही में व्यतीत किए गए क्षणों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद एक सच्चे यथार्थवादी लेखक थे, यहीं कारण है कि
उनके पात्र निर्मला, घीसू, सुमन, होरी, धनिया, जुम्मन शेख, अलगू चौधरी, खाला, हामिद आज भी अमर है और हमारी स्मृतियों का हिस्सा है। संस्कृतिकर्मी सीमा कुजूर ने भी गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए लेखिका सनियारा ख़ान ने भी प्रेमचंद को प्रत्येक पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया। सनियारा खान ने कहा कि प्रेमचंद केवल मजदूरों और किसानों के लेखक नहीं थे, बल्कि वे युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने वाले लेखक भी थे और हमेशा रहेंगे।