रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जुलाई। लक्ष्मी नारायण कन्या विद्यालय, कालीबाड़ी में यातायात, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा गहोई की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में 8वीं से 12वीं तक की लगभग 250 छात्राएं शिक्षक शामिल हुए।
कार्यक्रम में एसीपी ट्रेफिक़ श्रीमती स्नेहिल साहू ने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस दौरान छात्राओं को साइबर संबंधी अपराधों की जानकारी एवं सुरक्षात्मक उपाय बताए गए साथ ही महिलाओं से संबंधित अपराधों की जानकारी दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर,साइबर क्राइम पोर्टल व हेल्पलाइन नम्बर, पिंक पैट्रोल, कंट्रोल रूम ,112 एवं अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी भी दी गई ।
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार ने सडक़ सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं एवं शिक्षकों से अपील किया कि विद्यालय आने-जाने के लिए केवल क्यूआर कोड युक्त ऑटो/ई रिक्शा का ही उपयोग करें तथा वाहन में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर उसकी जानकारी अपने अभिभावकों के साथ साझा करें।