रायपुर
एआई स्मार्ट विजऩ ग्लास से दृष्टिबाधित कर्मियों के जीवन में नई रोशनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जुलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहु ने वेगन रिपेयर शॉप रायपुर में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान कार्यरत 08 दृष्टिबाधित दिव्यांग रेल कर्मचारियों को अत्याधुनिक स्मार्ट विजन ग्लास वितरित किए। यह केवल एक उपकरण का वितरण नहीं, बल्कि दिव्यांग कर्मचारियों को तकनीक के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रेलवे का एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी कदम है।
अपने संबोधन में श्री साहु ने कहा कि आधुनिक तकनीक का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होता है जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे। दृष्टिबाधित कर्मचारियों को आधारित स्मार्ट तकनीक उपलब्ध कराकर रेलवे उन्हें सुरक्षित, आत्मविश्वासी और अधिक सक्षम कार्य वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।एआई तकनीक पर आधारित स्मार्ट विजऩ ग्लास दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए एक डिजिटल सहयोगी की तरह कार्य करता है। इसकी प्रमुख विशेषताएँ हैं— वस्तु पहचान सामने उपस्थित व्यक्ति, मशीन, उपकरण, वाहन, दरवाज़ा, सीढिय़ाँ तथा अन्य वस्तुओं की तत्काल पहचान कर आवाज़ के माध्यम से जानकारी देना। ओसीआर आधारित टेक्स्ट रीडिंग-कार्यालयीन पत्र, नोटिस, फाइलें, सूचना-पट्ट, लेबल तथा अन्य मुद्रित सामग्री को तुरंत पढक़र सुनाना।
चेहरे की पहचान सहकर्मियों एवं पूर्व में सुरक्षित व्यक्तियों की पहचान कर उनका नाम बताना। दृश्य विवरण- आसपास के वातावरण एवं गतिविधियों का वास्तविक समय में विस्तृत वर्णन करना। भारतीय मुद्रा नोटों का मूल्य पहचानना। – विभिन्न रंगों की पहचान कर उनका नाम बताना। चलते समय सामने आने वाली बाधाओं, सीढिय़ों एवं अवरोधों की पूर्व सूचना देकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना। केवल आवाज़ के माध्यम से सभी सुविधाओं का सरल उपयोग। बहुभाषी समर्थन- हिंदी सहित अनेक भाषाओं में सहज संचालन।
मुख्य कर्मशाला प्रबंधक निर्मल कुमार भंडारी ने कहा कि दृष्टिबाधित कर्मचारियों के लिए केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान, सुरक्षा और नए आत्मविश्वास का प्रतीक है।