रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जुलाई। फाफाडीह चौक स्थित ब्लू हैवन विग हब एंड यूनिसेक्स सेलून में काम करने वाले एक कर्मचारी पर लाखों रुपए के सामान चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है। इसकी शिकायत सेलून के संचालक ने गंज थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
अक्षय कुमार रजवाड़े, निवासी कुंदा कॉलोनी, सूरजपुर, वर्तमान में फाफाडीह चौक स्थित ब्लू हैवन विग हब एंड यूनिसेक्स सेलून का संचालन करता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने 18 जुलाई को जमीर मुल्ला 29, निवासी हावड़ा पश्चिम बंगाल, को 28,000 मासिक वेतन पर दुकान में काम करने के लिए रखा था। जमीर दुकान की देखरेख करता था और रात में वहीं रुकता था।
28 जुलाई की रात जमीर मुल्ला दुकान में दूसरे कर्मचारी कृष्णा पाल के साथ सोया था। सुबह जब कृष्णा पाल की नींद खुली तो जमीर दुकान में नहीं मिला। जांच करने पर दुकान में रखा महंगा सामान भी गायब था। इसके बाद कृष्णा पाल ने इसकी सूचना अक्षय रजवाड़े को फोन पर दी।
दुकान पहुंचकर जांच करने पर पता चला कि 70 पुरुषों के विग, 28 महिलाओं के हेयर एक्सटेंशन विग कीमत 7 लाख, एक मोबाइल 7,000 और 25,000 के ब्यूटी प्रोडक्ट गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत 7,32,000 बताई गई है।
कर्मचारी जमीर मुल्ला दुकान में रखे सामान चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी उन्होंने अपने स्टाफ दीपक ठाकुर और महावीर थाली रेस्टोरेंट के संचालक वेद शर्मा को भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।