रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती में व्यायाम शिक्षकों के पदों को लैप्स कर अंग्रेजी विषय में जोड़े जाने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में
छत्तीसगढ़ के व्यायाम शिक्षकों की गुरुवार को दोपहर निगम गार्डन में आपातकालीन बैठक हुई ।इसमें शासन और शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में लिए गए एक मनमाने और अन्यायपूर्ण फैसले के खिलाफ गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। इसमें शामिल शिक्षकों ने कहा कि
भर्ती प्रक्रिया के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा व्यायाम शिक्षकों के स्वीकृत पदों को चुपचाप गायब/लैप्स कर दिया गया है। और उनकी जगह अंग्रेजी विषय के पदों को जोड़ दिया गया है। यह निर्णय न केवल प्रदेश के खेल भविष्य और युवाओं के साथ सीधा खिलवाड़ है, बल्कि खेल और शारीरिक शिक्षा को दरकिनार करने की एक सोची-समझी साजिश है।
छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास की उपेक्षा राष्ट्रीय शिक्षा नीति और बाल विकास के तहत शारीरिक शिक्षा उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी कि अन्य विषय। व्यायाम शिक्षकों के पदों को गायब करने से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास बाधित होगा।
व्यायाम शिक्षकों के भविष्य के साथ धोखा:छत्तीसगढ़ के हजारों प्रशिक्षित और योग्य व्यायाम शिक्षक वर्षों से भर्ती की आस लगाए बैठे थे। उनके पदों को इस प्रकार अचानक हटाना बेरोजगार युवाओं के अधिकारों का हनन है।
मनमाना और पक्षपातपूर्ण रवैया: बिना किसी पूर्व सूचना या उचित कारण के व्यायाम शिक्षकों के पदों को समाप्त कर दूसरे विषय में जोडऩा पूरी तरह से अनुचित है।
यदि इस अन्यायपूर्ण फैसले को वापस लेते हुए व्यायाम शिक्षकों के पदों को पुन: बहाल नहीं किया गया, तो छत्तीसगढ़ व्यायाम शिक्षक संघ उग्र आंदोलन करने बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।