रायपुर

स्मार्ट मीटर पर संसद की बात छत्तीसगढ़ में भी लागू हो: अकबर
30-Jul-2026 6:37 PM
स्मार्ट मीटर पर संसद की बात छत्तीसगढ़ में भी लागू हो: अकबर

रायपुर, 30 जुलाई। पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के मुद्दे पर केंद्र सरकार की घोषित नीति को छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की मांग करते हुए प्रदेश के भाजपा सांसदों से इस विषय पर स्पष्ट पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर जी ने अप्रैल 2026 में स्पष्ट किया था कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर किसी भी उपभोक्ता पर  जबरन नहीं थोपे जा रहे हैं, और यह पूरी तरह वैकल्पिक व्यवस्था है और उपभोक्तओं की सहमति  या अनुमति के बिना सामान्य बिजली मीटर को स्मार्ट मीटर में बदलना गैर कानूनी  है। अकबर ने कहा कि यदि संसद में केंद्र सरकार का यही आधिकारिक रुख है, तो छत्तीसगढ़ में भी उसी नीति का पालन होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं के व्यापक विरोध के बाद स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर अस्थायी रोक लगाई जा सकती है, तो छत्तीसगढ़ में लाखों उपभोक्ताओं की चिंताओं को समान गंभीरता से क्यों नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें करीब 45 लाख घरेलू तथा 7.4 लाख कृषि उपभोक्ता शामिल हैं।


अन्य पोस्ट