रायपुर

पॉक्सो मामले में चतुर्थ फास्ट ट्रैक कोर्ट में आरोपी को 3 साल कैद
29-Jul-2026 7:18 PM
पॉक्सो मामले में चतुर्थ फास्ट ट्रैक कोर्ट में आरोपी को 3 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जुलाई। अपर सत्र चतुर्थ फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय ने पॉक्सो मामले में आरोपी शांतनु धीवर 22 को जेल दिया है। आरोपी को महिला की लज्जा भंग करने और मारपीट के अपराध में दोषी ठहराते हुए 3 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला जज गिरीश कुमार मंडावी ने उरला थाना में दर्ज एक मामले में सुनाई।

घटना 1 जनवरी 2024 की है। नाबालिग पीडि़ता अपने घर के आंगन में अकेली बैठी थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी शांतनु धीवर उसके साथ  गाली-गलौज करते हुए उसके घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट व अभद्र हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने पीडि़ता का गला दबाया। पीडि़ता के शोर मचाने पर उसकी बहन और भाई मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। मामले में उरला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच के बाद न्यायालय में चालान पेश किया। अभियोजन पक्ष के चकील मोनिष बोस ने पीडि़ता सहित परिजनों के बयान अदालत में दर्ज कराए। न्यायालय ने चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को सहीं मानते हुए आरोपी शांतनु धीवर को दोषी पाए जाने पर 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 500 के जुर्माने तथा धारा 323 के तहत 6 माह के सश्रम कारावास और 500 के जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा न्यायालय ने पीडि़ता को क्षतिपूर्ति योजना के तहत 1 लाख प्रतिकर प्रदान करने का आदेश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दिया है।


अन्य पोस्ट