रायपुर

दंगल फिल्म की याद दिलाती है ज्ञानेश्वरी की कहानी
29-Jul-2026 1:38 PM
दंगल फिल्म की याद दिलाती है ज्ञानेश्वरी की कहानी

ग्लास्गो में छत्तीसगढ़ की ज्ञानेश्वरी यादव का कमाल,

वेटलिफ्टिंग में भारत को दिलाया सिल्वर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जुलाई। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की रहने वाली युवा वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर भारत को चौथा पदक दिलाया। ज्ञानेश्वरी ने अपने तीसरे प्रयास में स्नैच वर्ग में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया और रजत पदक अपने नाम किया।

ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता के पीछे उनके पिता दीपक यादव की प्रेरणा और वर्षों की मेहनत अहम रही है। दीपक यादव स्वयं अपने समय के चैंपियन बॉडीबिल्डर रह चुके हैं।

‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत में दीपक यादव ने बताया कि बचपन से ही ज्ञानेश्वरी उन्हें फिटनेस और खेल के प्रति समर्पित देखकर प्रेरित होती थी। धीरे-धीरे उसने भी दौडऩा, नियमित अभ्यास करना और फिट रहना शुरू किया। उन्होंने बताया कि उनकी हमेशा यही इच्छा थी कि जिस तरह उन्होंने अपने खेल के माध्यम से प्रदेश में पहचान बनाई, उसी तरह उनकी बेटी देश और विदेश में भारत तथा छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करे। इसी सोच के साथ उन्होंने ज्ञानेश्वरी को शुरुआती दौर से ही प्रशिक्षण दिलाया।

दीपक यादव ने कहा, हर माता-पिता का सपना होता है कि उनके बच्चे उनका, अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। आज मेरी बेटी मेरा वही सपना पूरा कर रही है। उसका लक्ष्य अभी बहुत बड़ा है और मैं हर कदम पर उसके साथ हूं।

ज्ञानेश्वरी यादव अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। ग्लास्गो में मिला यह सिल्वर मेडल उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि है और भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए भी गौरव का क्षण है।


अन्य पोस्ट