रायपुर
मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन पुलिस रात साढ़े 11 बजे तक सडक़ पर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जुलाई। राजधानी के मध्य, उत्तर और पश्चिम जोन के 41 स्थानों पर पुलिस ने सोमवार रात एक साथ नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चोरी का वाहन बरामद एवं चाकू सहित बदमाश गिरफ्तार किए गए। यह अभियान रात्रि 8 बजे से 11:30 बजे तक लगातार चलाया गया था।
अभियान के दौरान 5,000 से अधिक वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। बिना पंजीयन (नंबर) वाले वाहनों, अमानक (फैंसी/नियम विरुद्ध) नंबर प्लेट लगे वाहनों, संदिग्ध वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष जांच की गई। शहर के प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों पर विशेष निगरानी की गई। इनमें मध्य ज़ोन के कालीबाड़ी चौक, टैगोर नगर चौक, जयस्तंभ चौक, मरही माता चौक, थाना मौदहापारा के सामने, फ़ाफ़ाडीह चौक, तेलीघानी नाका, श्याम नगर, थाना तेलीबाँधा के सामने, बठिया नर्सिंग होम के सामने, पीडब्ल्यूडी ब्रिज के नीचे, नारायणा हॉस्पिटल के सामने एवं त्रिमूर्ति नगर।
नार्थ ज़ोन के खमतराई बाजार, भानपुरी चौक, कर्मा चौक, कन्हेरा तिराहा, भारतमाता चौक, कबीर चौक, थाना पंडरी के सामने, दलदल सिवनी रोड, थाना खम्हारडीह के सामने एवं टर्निंग पॉइंट (शंकर नगर चौक)। पश्चिम ज़ोन के थाना आज़ाद चौक के सामने, भैंसथान, एनआईटी के सामने, जगन्नाथ चौक, गेट नंबर-1 रिंग रोड, अंबेडकर चौक, टाटीबंध, मोहबा बाज़ार, भाटा गाँव चौक, लाखेनगर चौक, लालपुर चौक, काली मंदिर के पास, भाठागाँव (नीलकंठ मंदिर के सामने), कमल होटल के सामने (पुराना धमतरी रोड), महादेव घाट रोड चौक, सुंदर नगर चौक, मुजगहन मुख्य चौक एवं रिंग रोड नंबर-2 जंक्शन शामिल हैं। इसी दौरान थाना गोलबाजार क्षेत्र के शास्त्री मार्केट में चोरी हुई बाइक सीजी 04 डीके 5384 की सूचना पर गोलबाजार पुलिस के वायरलेस मैसेज पर एक संदिग्ध युवक को एसीसीयू की बीट टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन का सत्यापन करने पर वह थाना गोलबाजार क्षेत्र से चोरी की निकली। बाइक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गंज पुलिस द्वारा तेलीघानी नाका चेकिंग प्वाइंट पर वाहन चेकिंग के समय पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आर्यन चौहान 20 , निवासी अंजलि दवा खाना के पास, देव चिकन सेंटर के सामने, कलिंग नगर, गुढिय़ारी को दौड़ाकर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।