रायपुर

अगले 48 घंटे झमाझम बारिश, कई जिलों के लिए रेड-आरेंज अलर्ट
28-Jul-2026 6:52 PM
अगले 48 घंटे झमाझम बारिश, कई जिलों के लिए रेड-आरेंज अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 जुलाई। प्रदेशभर में मंगलवार को मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अगले 24 और 48 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और रायपुर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।

इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कोरबा, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

अगले 48 घंटे गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, नारायणपुर और कांकेर जिलों को रेड अलर्ट पर रखा गया है। इस दौरान इन इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं अगले 48 घंटे आरेंज अलर्ट जिलों में बिलासपुर, सक्ती, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कोंडागांव और बीजापुर को शामिल किया गया है। जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, कोरबा, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

राजधानी में भी हो रही बारिश

राजधानी रायपुर में भी पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस दौरान शहर के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो रही है। काले बादलों के बीच रूक-रूक कर बारिश हो रही है। जिससे एक ओर जहां शहर प्रभावित रहा वहीं कई जगहों पर बावाजाही भी बाधित रही। इस दौरान दिन का तापमान लगभग 29 डिग्री और रात का पारा 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। 


अन्य पोस्ट