रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जुलाई। सनातन धर्म के सर्वोच्च आध्यात्मिक पीठों में से एक ज्योतिष्पीठ (बद्रिकाश्रम) के शंकराचार्य स्वामिश्री: अविमुक्तेश्वरानंद: सरस्वती महाराज कल गुरुपूर्णिमा से भाद्रपद पूर्णिमा 26 सितंबर तक चातुर्मास अनुष्ठान ग्राम सलधा बेमेतरा में करेंगे। जहां
विश्व के सबसे बड़े निर्माणाधीन सवा लाख शिवलिंग मंदिर सपाद लक्षेश्वर धाम है ।
शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के प्रवास के दौरान प्रतिदिन वेद-पुराण प्रवचन, धर्मसभा, गौसंरक्षण पर विचार-विमर्श, राष्ट्र एवं समाजहित के विषयों पर मार्गदर्शन, सनातन धर्म जागरण तथा श्रद्धालुओं के लिए आशीर्वचन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर देशभर से संत, विद्वान एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है।
दंडी स्वामी इन्दुभवानंद तीर्थ महाराज ने पत्रकारों को बताया कि यह समस्त प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्य का क्षण है।आयोजन को लेकर प्रदेश के हर जिलों में गाव गाव पहुंचकर आमंत्रण दिया गया है, वही गुरु परंपरा का निर्वहन करने वाले देश विदेश से भी श्रद्धालु दर्शन लाभ लेने पहुंचेंगे, समिति द्वारा लगातार भण्डारा की व्यवस्था की गयी है। इस अवसर पर ज्योतिर्मठ के सीएफओ मदन उपाध्याय एवं मीडिया प्रभारी अशोक साहू उपस्थित रहे।