रायपुर

सरगुजा बस्तर संभाग को अभी और बारिश की जरूरत
27-Jul-2026 6:21 PM
 सरगुजा बस्तर संभाग को अभी और बारिश की जरूरत

प्रदेश मेंअब तक औसतन 421 मि.मी. वर्षा दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जुलाई। छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में बारिश का असमान वितरण देखने को मिल रहा है। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से 27 जुलाई की स्थिति में जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 1 जून से अब तक औसतन 421 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। यह बीते 10 वर्षों की औसत बारिश (494 मि.मी.) का 85.2 प्रतिशत है। औसतन आंकड़ों के लिहाज से स्थिति भले ही सामान्य के करीब नजर आ रही हो, लेकिन जिलों के धरातलीय आंकड़ों पर नजर डालें तो मध्य छत्तीसगढ़ यानी मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। जबकि बस्तर और सरगुजा संभाग के अधिकांश जिलों में अब भी पानी की दरकार है।

  इस मानसून में अब तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में औसत के मुकाबले रिकॉर्ड तोड़ 181.5 फीसदी (694.3 मि.मी.) वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इसके साथ ही महासमुंद (123.2त्न), बलरामपुर (125.5 प्रतिशत), जांजगीर-चांपा (117.6प्रतिशत), बलौदाबाजार (114.0प्रतिशत), सक्ती (113.7प्रतिशत) और राजधानी रायपुर (111.1प्रतिशत) में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे यहाँ के नदी-नाले उफान पर हैं और खेती-किसानी के काम में तेजी आई है।


अन्य पोस्ट