रायपुर

आयुष्मान में न भ्रष्टाचार, न स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल, भ्रम फैला रही कांग्रेस-डॉ. मिश्रा
27-Jul-2026 6:20 PM
आयुष्मान में न भ्रष्टाचार, न स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल, भ्रम फैला रही कांग्रेस-डॉ. मिश्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जुलाई। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने एक बयान जारी कर आयुष्मान योजना को लेकर कांग्रेस के लगाए आरोपों का खंडन किया।

 उन्होंने कहा कि  कांग्रेस आयुष्मान योजना को लेकर अनर्गल प्रलाप कर रही और जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।

 डॉ. मिश्रा ने कहा कि वास्तविक स्थिति यह है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य शासन द्वारा योजना के अंतर्गत उपचार प्रदान करने वाले निजी अस्पतालों को 451 करोड़ रुपए राशि का भुगतान किया जा चुका है, वहीं निजी अस्पतालों के 379 करोड़ रुपए के दावों का भुगतान प्रक्रियाधीन है, इसके लिए सरकार ने 287 करोड़ राशि जारी गई है, जिससे भुगतान की कार्यवाही निरन्तर जारी है।

 डॉ. मिश्रा ने कहा कि अस्पतालों को दावा राशि का भुगतान एक सतत एवं नियमित प्रक्रिया है, जो उपलब्ध बजटीय संसाधनों एवं स्वीकृत दावों के आधार पर किया जाता है।

स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य नोडल एजेंसी का निरंतर प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार को गुणवत्तापूर्ण, नि:शुल्क एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध हों और इसके लिए अस्पतालों को भी नियमानुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट