रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 27 जुलाई। पीएमश्री सेजेस उत्कृष्ट विद्यालय अभनपुर में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से छात्रसंघ चुनाव का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक मतदान प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव के अंतर्गत शाला नायक-नायिका, उप शाला नायक-नायिका सहित स्वच्छता प्रभारी, सांस्कृतिक प्रभारी, क्रीड़ा प्रभारी, साइंस क्लब, इको क्लब, अनुशासन प्रभारी, प्रार्थना सभा प्रभारी एवं अन्य विभिन्न विभागों के लिए छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया गया। मतदान प्रक्रिया ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली, निष्पक्ष चुनाव और उत्तरदायित्व की भावना का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।
हिन्दी माध्यम में कक्षा 12वीं की छात्रा ज्योति बारले को शाला नायिका तथा कक्षा 11वीं की छात्रा मेघा गिलहरे को उप शाला नायिका चुना गया।
वहीं अंग्रेजी माध्यम में अंकित नवरंगे को हेड बॉय, राधिका साहू को हेड गर्ल, विवेक सिन्हा को डिप्टी हेड बॉय तथा आरुषि साहू को डिप्टी हेड गर्ल के रूप में विद्यार्थियों ने अपना प्रतिनिधि चुना।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सभी निर्वाचित छात्र-प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के लोकतांत्रिक चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, उत्तरदायित्व, टीम भावना एवं लोकतांत्रिक संस्कारों का विकास करते हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास है।